कांग्रेस की ‘घर वापसी’ रणनीति: 6 साल के लिए निष्कासित 9 नेताओं की पार्टी में फिर एंट्री, राजनीतिक चर्चाएं तेज

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए पहले निष्कासित किए गए 9 नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक बार फिर पार्टी में शामिल कर लिया है। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के बाद लिए गए इस निर्णय ने जिले की राजनीतिक गतिविधियों को नया मोड़ दे दिया है। पार्टी के इस कदम को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीतिक हलकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर के अध्यक्ष शशि सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की सहमति के बाद लिया गया है। जिन नेताओं को पुनः पार्टी में शामिल किया गया है, उनमें पांच पुरुष और चार महिला कार्यकर्ता शामिल हैं। इन्हें नगरीय निकाय चुनाव के

दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया था। अब पार्टी नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की रणनीति के तहत इन सदस्यों की वापसी का रास्ता खोल दिया है। पार्टी में लौटने वालों में शक्ति ठाकुर, पल्लवी (गुड़िया), पुष्पलता पवन साहू, अफरोज खान (कल्लू), गीता पुरी, संजीत यादव, उदय यादव, अभय विश्वकर्मा और निशा बीजू दासन के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के इस फैसले को कुछ लोग संगठनात्मक मजबूती की दिशा में सकारात्मक कदम मान रहे हैं, जबकि कुछ कार्यकर्ता इसे पार्टी के रुख में बदलाव के तौर पर देख रहे हैं। फिलहाल, इस ‘घर वापसी’ ने सूरजपुर की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है और आने वाले समय में इसके राजनीतिक असर पर सभी की नजर बनी हुई है।