रायपुर। नकटी गांव में हुई कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि गरीबों के मकानों पर की गई कार्रवाई पूरी तरह अवैधानिक है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार पीड़ितों को न्याय नहीं देती, तो कांग्रेस उनके साथ न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।
धनेंद्र साहू ने बताया कि कांग्रेस के पांच विधायकों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और पार्टी के विधायकों ने वहां आवास नहीं लेने का निर्णय भी लिया है। उन्होंने दोनों दलों के जनप्रतिनिधियों से इस मामले में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साहू ने दावा किया कि संबंधित भूमि राजस्व रिकॉर्ड में चारागाह के रूप में दर्ज है और सरकार का उस पर कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह किसानों की लगानी भूमि है तथा की गई कार्रवाई न्यायालय में टिक नहीं पाएगी।
भाजपा के चिंतन शिविर पर टिप्पणी करते हुए धनेंद्र साहू ने कहा कि सरकार को सुशासन और विकास पर ध्यान देना चाहिए। वहीं राम वन पथ गमन परियोजना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम का राजनीतिक उपयोग करती है। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार के आरोप हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और परियोजना का विकास कार्य आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
स्कूलों में मंत्रोच्चार से जुड़ी याचिका पर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए साहू ने कहा कि प्राथमिकता बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना होना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों, कर्मचारी आंदोलनों और अन्य मुद्दों को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
