12 खेल विधाओं में होंगे मुकाबले, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा, अब तक 12183 खिलाडिय़ों का पंजीयन

Follow Us

कोरिया। ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। कोरिया जिले में प्रतियोगिता के लिए पंजीयन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक खिलाड़ी 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे।

जिले में सरगुजा ओलंपिक को लेकर खिलाडिय़ों में उत्साह देखा जा रहा है। पिछले वर्ष जिले से 22,516 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था। इस वर्ष अब तक 12,183 खिलाड़ी पंजीयन करा चुके हैं। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।


Read more:- गांव की कक्षा से राष्ट्रपति भवन तक पहुंचीं सुनीता यादव, CM साय ने दी बधाई


12 खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता
सरगुजा ओलंपिक में इस बार कुल 12 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4म100 मीटर रिले की स्पर्धाएं होंगी। तीरंदाजी के इंडियन राउंड में 30 मीटर और 50 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। कुश्ती और हॉकी में जिला स्तर पर दल की भागीदारी निर्धारित की गई है, जबकि रस्साकशी प्रतियोगिता केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए होगी।

जूनियर और सीनियर वर्ग में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों को दो आयु वर्गों में बांटा गया है। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे, जबकि सीनियर वर्ग में आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। दोनों वर्गों में बालक-बालिका तथा महिला-पुरुष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कुश्ती और कराते की स्पर्धाएं निर्धारित वजन वर्गों के अनुसार आयोजित होंगी। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को आगे की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।


Read more:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप मेटागुड़ा में लगी चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई त्वरित कार्रवाई


ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए आगे बढऩे का मंच
सरगुजा ओलंपिक का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराना है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले और संभाग का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।

10 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीयन
सरगुजा ओलंपिक 2026-27 में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 10 सितंबर 2026 तक विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन, प्रतियोगिता की प्रक्रिया और आयोजन से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शिका विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध है।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने जिले के युवाओं और खिलाडिय़ों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।