मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप मेटागुड़ा में लगी चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई त्वरित कार्रवाई

Follow Us

*मेटागुड़ा की चौपाल में कलेक्टर ने सुनी ग्रामीणों की बात, स्कूल-आंगनबाड़ी को तत्काल स्वीकृति*

सुकमा। मेटागुड़ा गांव के ग्रामीण दो दिन पहले स्कूल, आंगनबाड़ी भवन सहित विभिन्न मांगों को लेकर ट्रैक्टर से जिला मुख्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर सहित प्रशासनिक अमला शुक्रवार को किस्ताराम से करीब 20 किलोमीटर दूर पालाचलमा पंचायत के मेटागुड़ा गांव पहुंचा। अधिकारियों ने गांव में ग्रामीणों के साथ चर्चा कर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।

गांव पहुंचने पर कलेक्टर एवं अधिकारियों ने पेड़ के नीचे ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। इस दौरान मेटागुड़ा में आंगनबाड़ी भवन और आमापेंटा में प्राथमिक शाला भवनों के निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश दी गई। ग्रामीणों की अन्य मांगों पर भी अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और अपनी अपेक्षाओं से प्रशासन को अवगत कराया।

सिंचाई सुविधा के विस्तार के लिए गांव में नहर विकास कार्यों के साथ वीबी जी रामजी के तहत तालाब निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इससे सिंचाई सुविधा बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को रोजगार मिलने की संभावना है। गांव में बिजली पहुंचाने के संबंध में अधिकारियों ने लगभग दो महीने की अवधि में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सड़क निर्माण की ग्रामीणों की मांग पर डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया है।

ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं और दस्तावेजों से जोडऩे के लिए सोमवार को गांव में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में वोटर आईडी, आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड से संबंधित कार्य किए जाएंगे। मेटागुड़ा में प्रशासनिक अमले के पहुंचने और ग्रामीणों से सीधे संवाद करने से स्थानीय समस्याओं को मौके पर समझने तथा संबंधित कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में मदद मिली है।