सीएम योगी का जनता दर्शन, एक-एक फरियादी की सुनी बात, अफसरों को तुरंत समाधान के निर्देश

Follow Us

लखनऊ। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आयोजित “जनता दर्शन” कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे, जिनसे सीएम ने व्यक्तिगत रूप से संवाद किया। मुख्यमंत्री योगी ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक को न्याय और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि, राज्य सरकार “सेवा, सुरक्षा और सुशासन” के सिद्धांत पर काम कर रही है और जनता की हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से किया जाए। जनता दर्शन में पहुंचे कई लोगों ने भूमि विवाद, पुलिस सहायता, चिकित्सा सहायता और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, जनता दर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके। इस पहल को राज्य में सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।