रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित दया भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का श्रवण किया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। बीते एक दशक से यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक कार्यों, अनाम नायकों और प्रेरक नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हुए नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बना है।
उन्होंने बताया कि इस बार के एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों के संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए जनसहभागिता की शक्ति को रेखांकित किया। साथ ही आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का उत्सव बनाने का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह सतत संवाद नागरिकों में कर्तव्यबोध और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जागरूक नागरिकों की सामूहिक भागीदारी और जनशक्ति के बल पर विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से हासिल किया जाएगा।
