कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की शानदार शुरुआत, लवलीना बोरगोहेन ने मुकाबले से पहले ही पक्का किया मेडल

Follow Us

ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने देश का पहला पदक सुनिश्चित कर दिया है। ओलंपिक पदक विजेता लवलीना को ड्रॉ में ‘बाय’ मिलने के कारण सीधे महिलाओं की 75 किग्रा कैटेगरी के सेमीफाइनल में जगह मिली है। बॉक्सिंग के नियमों के अनुसार सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों का पदक तय हो जाता है, क्योंकि हारने वाले दोनों मुक्केबाजों को कांस्य पदक दिया जाता है। ऐसे में लवलीना का कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो गया है।

लवलीना 31 जुलाई को सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेंगी, जहां उनकी नजर फाइनल में पहुंचकर गोल्ड की ओर कदम बढ़ाने पर होगी। अगर वह सेमीफाइनल जीतती हैं तो उनका सिल्वर मेडल भी तय हो जाएगा और फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला करेंगी। यह कॉमनवेल्थ गेम्स में लवलीना का पहला पदक होगा। इससे पहले वह ओलंपिक, एशियन गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप जैसे बड़े मंचों पर भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। ओपनिंग सेरेमनी में भी लवलीना भारतीय दल का खास हिस्सा होंगी और उनके साथ ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू ध्वज व बैटन संभालेंगी।