रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय दो दिवसीय दौरे पर देश की राजधानी दिल्ली रवाना हो रहे हैं। आज शाम साढ़े 6 बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उच्च स्तरीय बैठक में शामिल होंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में सीएम साय छत्तीसगढ़ सरकार का प्रगति रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। नई दिल्ली में होने वाली इस बैठक में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों के साथ-साथ एनडीए सहयोगी राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे, जहां राज्यों के विकास मॉडल, प्रमुख योजनाओं और सुशासन के जमीनी अनुभवों को साझा किया जाएगा। सीएम साय राज्य में बुनियादी ढांचे, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों का ब्यौरा देंगे।
अपने इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री 11 जून को भारत मंडपम में होने वाली नीति आयोग की बैठक में भी हिस्सा लेंगे, जहां आर्थिक वृद्धि और केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा होगी। इस बात की प्रबल संभावना है कि मुख्यमंत्री साय बस्तर संभाग के समग्र और तेज विकास के लिए केंद्र सरकार के सामने एक विशेष आर्थिक पैकेज की मांग रखेंगे, जिससे वहां इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और शिक्षा को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा, दिल्ली दौरे में उनकी मुलाकात कई केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से भी हो सकती है।
