नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े एक छात्र को हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, विजय नगर डबल स्टोरी इलाके में एक युवक द्वारा हाइड्रोपोनिक गांजा बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जहां 22 वर्षीय जसीम सियादुल फरसान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 195 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है। जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध सत्यवती कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि अधिक पैसा कमाने के लालच में वह इस अवैध कारोबार से जुड़ा था। पुलिस के मुताबिक वह न केवल खुद नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा था, बल्कि कॉलेज के छात्रों को भी ड्रग्स की सप्लाई करता था और मांग के अनुसार ग्राहकों तक पहुंचाता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाइड्रोपोनिक गांजा एक उच्च गुणवत्ता वाला प्रतिबंधित मादक पदार्थ है, जिसकी बाजार में काफी मांग रहती है। मामले में मॉडल टाउन थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के सप्लाई नेटवर्क, ड्रग्स के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
