दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 20 जुलाई को राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य कार्यक्रम पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में सोमवार दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे। वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य अतिथि विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत करेंगे। शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और नए शैक्षणिक सत्र की उत्साहपूर्ण शुरुआत करना है।
