भारी बारिश और जलभराव पर CM साय अलर्ट, जिला प्रशासन को राहत-बचाव में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में हुई अत्यधिक वर्षा और जलभराव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, भोजन, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं बिना किसी विलंब के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलनिकासी की त्वरित व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनसुविधाओं को जल्द सामान्य करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।