नई दिल्ली। छठ महापर्व के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। दक्षिण दिल्ली के पंचशील एंक्लेव में आयोजित ‘पवित्र खरना पूजा और प्रसाद सेवा’ कार्यक्रम में उन्होंने शामिल होकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ भजन-कीर्तन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। उन्होंने नाक से मांग तक सिंदूर लगाया और हाथों में मंजीरे लेकर भक्ति गीत गाए। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित पूर्वांचल समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने खरना पूजा की विधियों में हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। सांस्कृतिक मंच पर मुख्यमंत्री को मखाने की माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
खरना तपस्या, त्याग और आत्मानुशासन का प्रतीक
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खरना छठ महापर्व का बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह केवल धार्मिक रस्म नहीं, बल्कि तपस्या, त्याग, आत्मानुशासन, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें जीवन में अनुशासन, समर्पण और शुद्धता का महत्व समझाता है। आस्था केवल शब्दों में नहीं, बल्कि हमारे आचरण और व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि खरना के दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। इस अवसर पर पारंपरिक रूप से गुड़ की खीर, रोटी और अन्य सात्विक पकवान बनाए जाते हैं। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती लगभग 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक एकता और सद्भाव का भी संदेश देता है। इस पर्व में जाति, वर्ग, भाषा और आर्थिक स्थिति का भेद मिट जाता है। सभी लोग मिलकर घाटों की सफाई करते हैं, व्यवस्थाओं में सहयोग देते हैं और सामूहिक रूप से पर्व मनाते हैं।
दिल्ली में 1400 से अधिक छठ घाटों पर व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राजधानी में 1400 से अधिक छठ घाटों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं में यमुना नदी के किनारे बनाए गए घाटों के साथ उत्तरी दिल्ली की मुनक नहर पर विकसित 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट भी शामिल है। इसे श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व की पारंपरिक मान्यताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
अधिकारियों को दिए व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर घाटों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पूजा के दौरान किसी भी व्रती या श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बड़े छठ घाटों पर संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौजूद रहें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक भी है। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुविधाओं के साथ इस महापर्व को मना सकें।
