नई दिल्ली। दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला हुआ है। यहां मुकुंदपुर के जनता विहार में ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों पर अराजक तत्वों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च फेंकी फिर लाठी-डंडों से पीटा। इस दौरान 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत बाकी लोग भागने में सफल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त को दोपहर 3 बजे हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश जनता विहार में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें एक ऐसी मोटरसाइकिल मिली जिसके पास जरूरी कागजात नहीं थे। नियमों के तहत, जवानों ने बाइक को जब्त कर लिया और पुलिस स्टेशन ले आए। दोपहर 3:30 बजे जब दोनों अधिकारी अपने घर लौटे, तो बाइक मालिक और कुछ अन्य लोग वहां पहुंच गए और हमला कर दिया।
Read more:- सीजेपी ने केंद्र सरकार पर लगाया विश्वासघात का आरोप, दोबारा आंदोलन की धमकी दी
जवानों की मदद के लिए गए हेड कॉन्स्टेबल टीनू पर भी आरोपियों ने हमला किया गया। हेड कॉन्स्टेबल दिनेश के सिर में चोट लगी है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है और फरार आरोपियों की तलाश में है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी सुनील उफऱ् पंकज है, जिस पर पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वो एनडीपीएस अधिनियम और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े 2 मामलों में शामिल रहा है।

