मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति ईरानी के साथ सुनी ‘मन की बात’, बोले- जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति, नवाचार और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले आम नागरिकों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं। इससे लोगों को समाज और राष्ट्र के लिए सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, जनजातीय परंपराओं, खेल प्रतिभाओं और नवाचारों का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री ने बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर की खेल प्रतिभाओं और समृद्ध जनजातीय संस्कृति को पहचान दिलाई है। उन्होंने कोरिया जिले के जल संरक्षण के पांच प्रतिशत मॉडल की भी सराहना की, जिसमें किसान अपनी भूमि के पांच प्रतिशत हिस्से में तालाब बनाकर वर्षा जल का संचय करते हैं। इससे सिंचाई और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा ऐतिहासिक मल्हार के ताम्रपत्रों और पोषण से जुड़े ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों का भी राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख किया गया है।

कार्यक्रम की 139वीं कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 12 वर्षों की यात्रा और देशवासियों के सेवा, परिश्रम तथा समर्पण की चर्चा की। उन्होंने पंजाब में प्राकृतिक कपास की खेती और बुनकरी के जरिए महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन, स्थानीय उत्पादों की वैश्विक पहचान और खादी की बढ़ती लोकप्रियता जैसे प्रयासों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने त्योहारों के दौरान स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही ई-संजीवनी, आधुनिक अनुसंधान, डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने स्वच्छता, सामाजिक एकता और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाले ‘रन फॉर यूनिटी’ में भागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए जनभागीदारी, नवाचार और कर्तव्यों के प्रति समर्पण जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ ने स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन और सामाजिक सेवा जैसे विषयों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।