छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड देगा विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026, 10 श्रेणियों में होगा सम्मान

Follow Us
कोरिया। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ आयोजित करने जा रहा है। पर्यटन के विकास, प्रचार-प्रसार और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हितधारकों को कुल 10 अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से भेज सकेंगे।

इस पुरस्कार में पर्यटन क्षेत्र की अलग-अलग गतिविधियों को शामिल किया गया है। सर्वश्रेष्ठ होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन स्टार्टअप एवं उद्यमिता, सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म जैसी 10 श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का चयन किया जाएगा। होटल और टूर ऑपरेटर के चयन में पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं, सेवाओं की गुणवत्ता, पर्यटन प्रचार, कारोबार और रोजगार सृजन जैसे मानकों को ध्यान में रखा जाएगा। वहीं जिलों का मूल्यांकन पर्यटन स्थलों के विकास, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, गंतव्य प्रबंधन और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के प्रयासों के आधार पर किया जाएगा। पर्यटन क्षेत्र में नए विचार, तकनीक और व्यावसायिक मॉडल विकसित करने वाले स्टार्टअप एवं युवा उद्यमियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

होमस्टे श्रेणी में राजस्व, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा और शिकायत निवारण जैसे मानकों पर मूल्यांकन होगा। स्थानीय व्यंजन, उत्पाद और संस्कृति को पर्यटन से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में रील, वीडियो और डिजिटल कंटेंट के जरिए छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति, जनजातीय जीवन, वन्यजीव, ऐतिहासिक धरोहर और एडवेंचर टूरिज्म को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा। इको-टूरिज्म में पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को महत्व मिलेगा, जबकि एडवेंचर टूरिज्म में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट और पर्यटकों की संख्या जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इच्छुक पर्यटन हितधारक 15 सितंबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता एवं मानकों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग और निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा। बोर्ड का उद्देश्य पुरस्कार के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, बेहतर सेवाओं, सतत पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना है।