औद्योगिक विकास की बुलंदी पर छत्तीसगढ़: ‘लीड्स 2025’ रिपोर्ट में मिला ‘हाई परफॉर्मर’ का दर्जा, देश का नया लॉजिस्टिक्स हब बना राज्य

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ अब देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों की कतार में मजबूती से खड़ा हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी ‘लॉजिस्टिक्स ईज अक्रॉस डिफरेंट स्टेट्स’ (LEADS) 2025 की रिपोर्ट में छत्तीसगढ़ को ‘लैंडलॉक्ड स्टेट्स’ (landlocked states) श्रेणी में ‘हाई परफॉर्मर’ का गौरवशाली दर्जा मिला है। मुख्यमंत्री ने इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के सुशासन, नीतिगत सुधारों और बुनियादी ढांचे के तेज विकास का सीधा प्रमाण है। इस बड़ी उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ अब हरियाणा और तेलंगाना जैसे देश के सबसे स्थापित और विकसित औद्योगिक राज्यों के समकक्ष आ गया है।

राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ को निवेश का सबसे पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में नई ‘छत्तीसगढ़ स्टेट लॉजिस्टिक्स पॉलिसी 2025’ लागू की गई है, जिसके तहत लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सेक्टर को ‘इंडस्ट्री स्टेटस’ (उद्योग का दर्जा) दिया गया है। इससे न सिर्फ बड़े पैमाने पर निवेश आएगा, बल्कि नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। राजधानी रायपुर के व्यवस्थित विस्तार और माल परिवहन को सुगम बनाने के लिए ‘सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान’ भी तैयार किया गया है, जिससे शहरों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।

तकनीक से मिली रफ्तार: राज्य में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने के लिए वनक्लिक सिंगल विंडो पोर्टल और यूनिफाइड लॉजिस्टिक्स इंटरफेस प्लेटफॉर्म (ULIP) को अपनाया गया है। साथ ही, ‘पीएम गति शक्ति’ मास्टर प्लान पोर्टल का उपयोग अनिवार्य करने और भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण से सरकारी मंजूरियों में पारदर्शिता और तेजी आई है, जिससे उद्योगों की सप्लाई चेन बेहद मजबूत हो गई है।