मुंगेली। जिले में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने नागरिकों से स्वगणना (Self Enumeration) में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने खुद ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर लोगों को इस प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने बताया कि, शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 30 मई तक जिले में मकान सूचीकरण और जनगणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले नागरिकों की सुविधा के लिए 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन स्वगणना की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान लोग घर बैठे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं।

प्रशासन का मानना है कि, स्वगणना से पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और पारदर्शी बनेगी। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि, नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी, इसलिए किसी भी तरह की आशंका की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि, जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की योजना बनाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि, वे ऑनलाइन स्वगणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करें और जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
