रायपुर । राजधानी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी, जाली नोट चलाने, धोखाधड़ी और मादक पदार्थों से जुड़े मामले सामने आए हैं। मौदहापारा, टिकरापारा, मोवा, खमतराई और सरस्वती नगर पुलिस ने 26 नवंबर को विभिन्न मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
० मौदहापारा में दोपहिया वाहन चोरी
मौदहापारा थाना क्षेत्र में पीजी कन्या छात्रावास की डॉ. वैष्णवी अशोक हर्वार की होंडा एक्टिवा चोरी हो गई। घटना 26 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे पीजी बालक छात्रावास के सामने पीपल के पेड़ के पास की है। अज्ञात चोर खड़ी स्कूटी ले गया। वाहन की कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है।
इसी थाना क्षेत्र में अंबेडकर प्रतिमा के पास मेकाहारा के निकट खड़ी सुनील राठौर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई। घटना 18 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे की है। चोरी गई मोटरसाइकिल की कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है।
० टिकरापारा में स्कूटी और नकदी चोरी
टिकरापारा थाना क्षेत्र के पचपेड़ी नाका स्थित रायपुरा ढाबा के सामने से सौरभ एतका की होंडा एक्टिवा चोरी हो गई। घटना 25 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। स्कूटी की डिक्की में रखे 4200 रुपये नकद भी चोर ले गए। वाहन और नकदी सहित कुल 30 हजार रुपये की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
० ग्रामीण बैंक में मिले जाली नोट
मोवा स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की दलदल सिवनी शाखा में 12 नवंबर को जमा कराए गए 12,350 रुपये की जांच में 50 रुपये के 25 नोट संदिग्ध पाए गए। बैंक प्रबंधन की जांच में नोटों में सुरक्षा संबंधी विशेषताएं नहीं मिलीं और उन्हें जाली चिह्नित किया गया। निर्धारित संख्या से अधिक जाली नोट मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
० करीब 6.90 लाख रुपये के लोहे के एंगल का गबन
खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा स्थित धातु पार्क के गोदाम से जुड़े लोहे के एंगल की सुपुर्दगी नहीं होने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दिनेश चंद तापडिय़ा के अनुसार, न्यू रायपुर गुजरात माल परिवहन सेवा के माध्यम से महाराष्ट्र के बीड जिले के आष्टी स्थित सूरज ट्रेडर्स के लिए 6,89,612 रुपये मूल्य के लोहे के एंगल भेजे गए थे। 26 नवंबर तक माल संबंधित फर्म को नहीं पहुंचा। आरोप है कि वाहन चालक, वाहन मालिक और माल परिवहनकर्ता ने आपसी मिलीभगत से माल बेचकर रकम का गबन कर लिया।
० मोटरसाइकिल चोरी का एक और मामला
खमतराई थाना क्षेत्र के उरकुरा में शंकराचार्य विद्यालय के पास से सतीश कुमार पांडेय की बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल चोरी हो गई। घटना 19 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। मोटरसाइकिल की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
० नशीली गोलियों के साथ एक गिरफ्तार
सरस्वती नगर पुलिस ने पं. रविशंकर विश्वविद्यालय के हेलीपैड मैदान के पास कार्रवाई करते हुए कमलेश साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवा नाइट्रोजन की 20 पत्तियां, कुल 200 गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 22 के तहत अपराध दर्ज कर गोलियां जब्त कर ली हैं।
