गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक महिला वन रक्षक के साथ मारपीट, अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लाटा परिसर में पदस्थ महिला वन रक्षक गिरिजा कंवर जंगल भ्रमण के दौरान एक मकान में सागौन की ताजा कटी हुई बल्लियां देख जांच के लिए पहुंचीं। इसी दौरान घर में मौजूद इतवारू भैना, सुमित्रा और दयावती ने कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने महिला वन रक्षक के साथ मारपीट की, उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनकी शासकीय वर्दी फाड़ दी। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा श्रमिकों ने हस्तक्षेप कर महिला वन रक्षक को आरोपियों से छुड़ाया। पीड़िता की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
