पेपर लीक के खिलाफ सीजेपी का देशव्यापी आंदोलन: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, आज जारी होगा ‘शिक्षा मेनिफेस्टो’

Follow Us

नई दिल्ली। देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही धांधली और पेपर लीक के मामलों को लेकर अब एक बड़ा राष्ट्रीय आंदोलन शुरू हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधारों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी अभियान का बिगुल फूंक दिया है। सीजेपी का साफ कहना है कि जब तक एक करोड़ से अधिक छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

पुणे में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया कि इस देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय परिसर से की जा रही है। इस मौके पर संगठन अपना ‘शिक्षा घोषणापत्र’ (शिक्षा मेनिफेस्टो) भी जारी कर रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य भविष्य में पेपर लीक की घटनाओं को रोकना, परीक्षाओं के नतीजे समय पर घोषित करना, भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता लाना तथा परीक्षा प्राधिकरणों की जवाबदेही तय करना है। इस बड़े छात्र आंदोलन में मशहूर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हो रहे हैं।

यह राष्ट्रीय अभियान पुणे से शुरू होकर जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु जैसे देश के कई प्रमुख शहरों से गुजरेगा। इसके बाद, 20 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल प्रदर्शन के साथ इसका समापन होगा। दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन उनकी आवाज दबाने के लिए उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को सस्पेंड कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार युवाओं की ताकत को नजरअंदाज न करे और छात्रों की असली समस्याओं का समाधान करे।