मछली पकड़ने गए कारपेंटर की नदी में डूबने से मौत, बेटे ने बचाने की कोशिश की लेकिन नहीं बची जान

Follow Us

कोरबा। जिले के रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान श्यामनगर बस्ती निवासी 45 वर्षीय राजकुमार खैवार के रूप में हुई है। बेटे ने नदी में छलांग लगाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राजकुमार खैवार पेशे से कारपेंटर थे। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह जाल लेकर पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, जिसके बाद उनका बेटा संदीप खैवार उन्हें तलाशने नदी पहुंचा। वहां उसे मदद के लिए आवाज सुनाई दी और उसने देखा कि उसके पिता गहरे पानी में डूब रहे हैं।

संदीप ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर अपने पिता को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे बाद उन्हें बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रजगामार पुलिस ने अस्पताल मेमो के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।