कराची पहुंचने से पहले लापता हुआ कार्गो विमान! अरब सागर में तेज हुआ सर्च ऑपरेशन, तलाश जारी

Follow Us

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसे का खतरा सामने आया, जब संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा एक कार्गो विमान अचानक रडार से गायब हो गया। बोइंग 737 कार्गो विमान में 5 क्रू मेंबर्स सवार थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी आई, जिसके बाद उसका एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया।

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के अनुसार, विमान को आखिरी बार कराची से करीब 155 समुद्री मील दूर अरब सागर के ऊपर तेजी से नीचे उतरते और दिशा बदलते हुए देखा गया था। इसके बाद विमान का रडार और कम्युनिकेशन लिंक पूरी तरह बंद हो गया।

घटना के तुरंत बाद पाकिस्तान ने समुद्र में बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया। नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां लापता विमान और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हैं। K2 एयरवेज ने भी बयान जारी कर कहा है कि वह नागरिक उड्डयन प्राधिकरण और संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है और जांच में पूरा सहयोग कर रही है। फिलहाल सभी की नजरें जारी रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं।