कोंडागांव में बस पलटी, यात्री का हाथ कटने सहित कई लोग घायल

Follow Us

कोंडागांव। शनिवार तड़के सवारी से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस चालक और दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायलों में एक यात्री का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। हादसा सिटी कोतवाली कोंडागांव अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर घोड़ागांव चिलबहार नाला के पास हुआ। रायपुर से जगदलपुर होते हुए जयपुर (ओडिशा) जा रही दुबे ट्रेवलर की बस (CG 04 EA 4882) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक आशंका है कि सुबह बस के सामने अचानक कोई जानवर आ जाने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। घायलों में नवीन, अशद और बस चालक रोशन साहू शामिल हैं। नवीन का हाथ कटकर अलग हो गया, और तीनों का जिला अस्पताल कोंडागांव में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।