छत्तीसगढ़ में 6 परियोजना-सह-संसाधन केंद्रों के भवनों को मंजूरी, 2.70 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए छह परियोजना-सह-संसाधन केंद्रों के भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से राज्य शासन ने इन भवनों के निर्माण के लिए 2 करोड़ 70 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय मंजूरी प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में पहली किस्त के रूप में 67 लाख 72 हजार 500 रुपये जारी करने पर भी सहमति बनी है।

नए भवन सूरजपुर जिले के भैयाथान और ओड़गी, रायगढ़ जिले के तमनार तथा बीजापुर जिले के बीजापुर, उसूर और भोपालपटनम में बनाए जाएंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 45 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से विभागीय कार्यों के संचालन, योजनाओं के क्रियान्वयन और कर्मचारियों के बीच समन्वय को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, विकास तथा अधिकारों के संरक्षण से जुड़ी योजनाएं संचालित करता है। केंद्रों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होने से विभागीय सेवाओं की निगरानी और योजनाओं को जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विभागीय गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित बनाने में इन भवनों की अहम भूमिका रहेगी। शासन के निर्देशों के अनुसार, अगली किस्त जारी करने के लिए पहली किस्त के उपयोग का प्रमाण-पत्र और निर्माण कार्य की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। स्वीकृत राशि का उपयोग निर्धारित नियमों और व्यय सीमा के अनुसार किया जाएगा।