सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र के मानपुर में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव कुएं से मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी और कृष्ण जन्माष्टमी के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लापता हो गई थी। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे थे।
जानकारी के अनुसार, छात्रा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकली थी, लेकिन कार्यक्रम के बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। इसी दौरान बस्ती से लगे एक कुएं में उसका शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ साइबर फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विसर्जन कार्यक्रम के बाद छात्रा किन परिस्थितियों में कुएं तक पहुंची। पुलिस हादसा, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
