रायपुर । राजधानी में रविवार की रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास की है, जहां दो अज्ञात हमलावरों ने विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात अश्वनी नगर में गौसिया मस्जिद के पास 22 वर्षीय अहमद खान, निवासी डंगनिया, का दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर दोनों युवकों ने अहमद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों से बचने के लिए अहमद ने अपनी एक्टिवा से भागने का प्रयास किया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद उसकी स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर गया। पीछा कर रहे दोनों हमलावरों ने मौके पर पहुंचकर उस पर फिर से धारदार हथियार से कई वार किए और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अहमद को उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया,
जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और अपराध शाखा की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के दृश्य खंगालने शुरू कर दिए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुरानी बस्ती पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार दोनों अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे विवाद की बात सामने आई है, हालांकि हमले की वास्तविक वजह पुरानी रंजिश थी या विवाद का कोई दूसरा कारण, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
