भाजपा का ‘सुशासन तिहार’ केवल नाकामियों को छुपाने का मंच, बुनियादी सुविधाओं के लिए भटक रही जनता: पूर्व विधायक रेखचंद जैन

Follow Us

जगदलपुर। जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा मनाए जा रहे ‘सुशासन तिहार’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी हकीकत को छुपाने और अपनी प्रशासनिक विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए सरकार इस तरह के तड़क-भड़क वाले आयोजनों का सहारा ले रही है, जबकि हकीकत में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम जनता पानी, बिजली, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटक रही है।

पूर्व विधायक ने सरकार की वित्तीय नीतियों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास के लिए बेहद जरूरी ’16वें वित्त आयोग’ की राशि पंचायतों को आज तक जारी नहीं की गई है। बजट के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। इस स्थिति के कारण जनता को जवाब देने में असमर्थ सरपंच और जनपद सदस्य भारी मानसिक दबाव में हैं और लगातार अपने पदों से इस्तीफे दे रहे हैं।

जैन ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘सुशासन तिहार’ के भव्य आयोजनों का खर्च निकालने के लिए पंचायतों से जबरन वसूली की जा रही है, जो कि शासकीय तंत्र का घोर दुरुपयोग है। इसके अलावा, राजस्व विभाग सहित हर सरकारी महकमे में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जहां नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे नियमित कामों के लिए भी ग्रामीणों को महीनों चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही 16वें वित्त की राशि जारी कर विकास कार्य बहाल नहीं किए गए, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।