पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले फिर साथ आएंगे भाजपा और अकाली दल, आज गठबंधन का हो सकता है ऐलान

Follow Us

चंडीगढ़/नई दिल्ली। पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) एक बार फिर गठबंधन कर सकते हैं। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंचने की खबरों के बीच मंगलवार को इसकी औपचारिक घोषणा होने की संभावना है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल हो सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में गठबंधन की चर्चा तेज होने के पीछे दोनों दलों का अपना-अपना वोट बैंक और पंजाब में क्षेत्रीय प्रभाव प्रमुख वजह माना जा रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को पंजाब में करीब 25 लाख वोट यानी 18.56 फीसदी मत मिले थे। वहीं, अकाली दल को लगभग 18 लाख वोट यानी 13.42 फीसदी मत हासिल हुए थे। दोनों दलों के वोट जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 43 लाख और कुल मत प्रतिशत लगभग 32 फीसदी बैठता है।

2022 के विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों को मिले वोटों का कुल आंकड़ा करीब 40 से 41 लाख तक पहुंचा था। उस चुनाव में अकाली दल को लगभग 28.61 लाख वोट यानी 18.38 फीसदी मत मिले थे, जबकि भाजपा और उसके सहयोगी दलों को करीब 12 लाख वोट यानी आठ फीसदी मत हासिल हुए थे। दूसरी ओर, 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 42 फीसदी वोट हासिल कर 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को 22.98 फीसदी वोट मिले थे। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में आप का वोट प्रतिशत घटकर 26.30 फीसदी रह गया, जबकि कांग्रेस को 26.02 फीसदी वोट मिले थे। भाजपा नेताओं का मानना है कि अकाली दल के साथ गठबंधन होने से दोनों पार्टियों की ताकत बढ़ सकती है और वे मिलकर आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस को चुनौती दे सकती हैं। हालांकि, अलग-अलग चुनावों में मिले वोटों को सीधे जोड़कर विधानसभा चुनाव में सीटों का अनुमान लगाना सही नहीं होगा।

2020 में टूटा था करीब 24 साल पुराना गठबंधन
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल तक चला था। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए थे। किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ लिया था। इसके बाद 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। अब दोनों पार्टियों को महसूस हो रहा है कि अलग-अलग चुनाव लड़ने से राजनीतिक नुकसान हो रहा है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुराने सहयोगियों के फिर एक साथ आने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, गठबंधन की औपचारिक घोषणा और सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम तस्वीर सामने आना बाकी है।