दुर्ग। जिले के नेवई थाना क्षेत्र में पिछले दो महीने से लगातार हो रही साइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 6 रेंजर साइकिल बरामद की हैं। बरामद साइकिलों की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को तेलगूपारा मरोदा टंकी निवासी आनंद पाटिल ने नेवई थाने में साइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 20 जुलाई को उनके बेटे ने घर के सामने रेंजर साइकिल खड़ी की थी, जो कुछ देर बाद गायब मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध की पहचान हुई। इसके बाद 27 जुलाई को नेवई ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पवन जंघेल (32 वर्ष), निवासी लोधीपारा वार्ड क्रमांक-16, खैरागढ़ जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी बताया। आरोपी ने पुलिस के सामने पिछले करीब दो महीने में नेवई थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से 6 साइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्टेशन मरोदा बस्ती, बीआरपी कॉलोनी, मौहारी मरोदा, तेलगूपारा मरोदा समेत अन्य क्षेत्रों से चोरी की गई 6 रेंजर साइकिल बरामद कर ली हैं। पुलिस ने साइकिलों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के लिए जब्त किए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
