भिवानी की बहू नीतू सांगवान का राष्ट्रीय मंच पर जलवा: ‘इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल’ में बनीं मुख्य जूरी मेंबर, बेटियों को दिया हौसला

Follow Us

चंडीगढ़। हरियाणा की बेटियों का डंका अब फैशन और ग्लैमर की दुनिया में भी जमकर बज रहा है। इसी कड़ी में भिवानी जिले के गांव नाथुवास की बहू नीतू सांगवान ने एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम की है। हाल ही में कानपुर में आयोजित हुए प्रतिष्ठित ‘इंडिया नेक्स्ट फैशन मॉडल यूपी’ के ग्रैंड फिनाले में नीतू सांगवान को बतौर मुख्य जूरी मेंबर (निर्णायक मंडल सदस्य) और हरियाणा स्टेट डायरेक्टर के रूप में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल शो में उन्होंने देशभर से आए उभरते हुए मॉडल्स की प्रतिभा का बारीकी से मूल्यांकन किया और अपने अनुभवों से उनका शानदार मार्गदर्शन किया।

नीतू सांगवान आज फैशन इंडस्ट्री में किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और अटूट आत्मविश्वास के दम पर कई राष्ट्रीय खिताब जीते हैं। वे इससे पहले ‘वीजी मिसेज इंडिया ग्लोबल आइकॉन’ प्रतियोगिता में सेकंड रनरअप रह चुकी हैं। इसके अलावा उनके नाम ‘वीजी मिसेज हरियाणा क्वीन’ और ‘वीजी मिसेज इंडिया डायनामिक दिवा’ जैसे कई प्रतिष्ठित खिताब भी दर्ज हैं।

कानपुर इवेंट की भारी सफलता के बाद नीतू ने अपनी आगामी योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि वे बहुत जल्द ‘विशाल इवेंट गुरु’ और ‘छैल फैशन ब्रांड’ के सहयोग से हरियाणा में एक भव्य फैशन शो आयोजित करने जा रही हैं, ताकि ग्रामीण और शहरी युवाओं के हुनर को राष्ट्रीय मंच मिल सके। उन्होंने महिलाओं और बेटियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी झिझक के अपने सपनों को साकार करने के लिए घरों से बाहर निकलें और रूढ़िवादी सोच को बदलकर अपनी एक अलग पहचान बनाएं।