क्वाड बैठक के लिए नई दिल्ली आने से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का बड़ा एलान-‘भारत को जितना तेल चाहिए, अमेरिका देगा’

Follow Us

मियामी/नई दिल्ली। भारत में होने वाली क्वाड (QUAD) देशों के विदेश मंत्रियों की आगामी बैठक से पहले अमेरिका ने भारत के साथ अपने रिश्तों को लेकर एक बेहद बड़ा और सकारात्मक बयान दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने नई दिल्ली को अपना एक बेहद अहम और महान साझेदार बताते हुए कहा है कि, भारत को अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए जितने भी तेल की आवश्यकता होगी, अमेरिका उसे देने के लिए पूरी तरह तैयार है। रूबियो ने यह बात स्वीडन और भारत की अपनी यात्रा पर रवाना होते समय मियामी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। दरअसल, उनसे होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के कारण भारत पर तेल की बढ़ती कीमतों के असर को लेकर सवाल पूछा गया था, जिसके जवाब में उन्होंने साफ किया कि, अमेरिका इस समय रिकॉर्ड स्तर पर तेल उत्पादन और निर्यात कर रहा है, इसलिए वे भारत को उतनी ऊर्जा बेचना चाहते हैं जितनी भारत खरीदना चाहे।

26 मई को नई दिल्ली में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल क्वाड बैठक की अध्यक्षता भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे, जिसमें अमेरिकी विदेश मंत्री के अलावा ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापानी विदेश मंत्री मोटेगी तोशिमित्सु भी शिरकत करेंगे। मार्को रूबियो 23 से 26 मई तक भारत के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जिसके तहत वे नई दिल्ली के साथ-साथ आगरा, जयपुर और कोलकाता भी जाएंगे। खास बात यह है कि पिछले 14 वर्षों में कोलकाता का दौरा करने वाले वे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री होंगे, उनसे पहले 2012 में हिलेरी क्लिंटन वहां गई थीं। रूबियो ने भारत के साथ मिलकर काम करने को लेकर भारी उत्साह जताया है और उम्मीद जताई है कि इस यात्रा से दोनों देशों के रणनीतिक और ऊर्जा संबंध एक नए स्तर पर पहुंचेंगे।