जनजातीय गौरव दिवस समारोह में पहाड़ी कोरवाओं को प्रवेश के लिए करना पड़ा इंतजार, तीर-धनुष लेकर पहुंचे थे 60-70 लोग

Follow Us

रायगढ़। प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने पहुंचे पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को कार्यक्रम स्थल के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ा। जशपुर जिले से आए करीब 60 से 70 पहाड़ी कोरवा पारंपरिक तीर-धनुष लेकर समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें शुरुआत में प्रवेश नहीं दिया गया।

जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रदेशभर के जनजातीय समुदायों को आमंत्रित किया गया था। जशपुर से पहुंचे पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को पहले से ही पारंपरिक तीर-धनुष के साथ कार्यक्रम में आने के लिए कहा गया था। इसी के अनुरूप सभी लोग अपने पारंपरिक हथियार लेकर समारोह स्थल पहुंचे थे।

हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देकर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। इसके बाद समुदाय के लोग बाहर ही घंटों बैठे रहे। बताया जा रहा है कि जब पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों की नाराजगी बढऩे लगी, तब मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान उन्हें तीर-धनुष के साथ दर्शक दीर्घा में प्रवेश दिया गया।

झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक के गले पर धारदार हथियार से किया था हमला, पांच महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

गौरतलब है कि पहाड़ी कोरवा समुदाय को विशेष रूप से राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र के रूप में जाना जाता है। ऐसे में जनजातीय समाज के सम्मान और संस्कृति को समर्पित कार्यक्रम में ही इस समुदाय के लोगों को प्रवेश के लिए इंतजार करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब आयोजन की व्यवस्थाओं और आयोजकों की संवेदनशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।