मुंबई। भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और तेलुगु एक्ट्रेस श्रीलीला के बीच डेटिंग की अफवाहें एक बार फिर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इस गॉसिप को हवा तब मिली जब भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक मजेदार वीडियो ऑनलाइन सामने आया। Reddit, Instagram और X (ट्विटर) पर घूम रहे इस वीडियो में सूर्यकुमार यादव मज़ाक में कहते दिख रहे हैं कि तिलक “प्यार में हैं”, जबकि तिलक वर्मा ईयरफोन लगाए होटल की लॉबी से गुजर रहे हैं। हालांकि सूर्या ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन फैंस ने इसे तुरंत श्रीलीला से जोड़ दिया।
दोनों के बीच अफेयर की चर्चा सबसे पहले आईपीएल सीजन के दौरान शुरू हुई थी। तब श्रीलीला की मां, डॉ. स्वर्णलता को धर्मशाला में मुंबई इंडियंस के मैच के दौरान स्टेडियम में देखा गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि श्रीलीला को एक अन्य मैच में देखा गया था, जहाँ उनके साथ मौजूद किसी शख्स ने ‘तिलक’ लिखी जर्सी पहनी हुई थी। इन कड़ियों को जोड़कर फैंस लगातार दोनों के पर्सनल कनेक्शन के कयास लगा रहे हैं। दोनों ही स्टार्स युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं, इसलिए इंटरनेट पर इनकी सोशल मीडिया एक्टिविटी पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

हालांकि, कुछ समझदार फैंस और रेडिट यूजर्स का कहना है कि सिर्फ हंसी-मजाक या पब्लिक अपीयरेंस के आधार पर किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहिए। फिलहाल दोनों ही अपने करियर में बेहद व्यस्त हैं। श्रीलीला इन दिनों कार्तिक आर्यन के साथ निर्देशक अनुराग बसु की आगामी रोमांटिक ड्रामा फिल्म की शूटिंग कर रही हैं, जो 2026 में रिलीज होगी। वहीं दूसरी ओर, भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे तिलक वर्मा को श्रीलंका में होने वाली आगामी वनडे ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम का कप्तान बनाया गया है।
