दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रगृह योजना के आवेदन आमंत्रित

Follow Us

जशपुरनगर । समाज कल्याण विभाग जशपुर द्वारा ‘क्षितिज–अपार संभावनाएं योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रगृह योजना हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों के समूह को किराये के भवन में नि:शुल्क आवास सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, उन्हें संबल प्रदान करना और उनके अधिकारों का संरक्षण करना है। इस योजना का लाभ छत्तीसगढ़ के ऐसे विद्यार्थी भी ले सकेंगे, जो देश के अन्य राज्यों में अध्ययन कर रहे हैं।

योजना के लिए आवेदक की दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक होना अनिवार्य है। आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए और उसने उच्चतर माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण की हो। इसके साथ ही वह आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक या स्नातकोत्तर स्तर पर कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय में नियमित विद्यार्थी हो अथवा चिकित्सा, तकनीकी या व्यावसायिक शिक्षा में स्नातक या स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहा हो। संबंधित शिक्षण संस्थान की दूरी आवेदक के मूल निवास से 20 किलोमीटर से अधिक होनी चाहिए।

उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, जशपुर ने जिले के सभी महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षा संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों के ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन आवेदन प्राप्त कर उनकी आयु, जन्मतिथि और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण एवं सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। सत्यापित आवेदन उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, जिला जशपुर के कार्यालय में उपलब्ध कराए जाने हैं।