मालवीय रोड-शास्त्री बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथ और सड़क से हटाए गए ठेले-गुमटियां

Follow Us

रायपुर। राजधानी के मालवीय रोड और शास्त्री बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रविवार को संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर यातायात पुलिस, नगर निगम और टीम प्रहरी ने सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटियां और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाया।

अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही उन दुकानदारों को भी हटाया गया, जिन्होंने अपनी दुकानों का सामान सड़क पर फैलाकर सार्वजनिक मार्ग का अतिक्रमण कर रखा था।

कार्रवाई के दौरान व्यापारियों और अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश दी गई कि सड़क और फुटपाथ आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं। इन पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त अभियान के बाद मालवीय रोड और शास्त्री बाजार क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम और व्यवस्थित दिखाई दिया। स्थानीय नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे नियमित रूप से चलाने की मांग की।

डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी यातायात पुलिस और नगर निगम द्वारा संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।