अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ की ओटीटी एंट्री, जियो हॉटस्टार पर हुई स्ट्रीम

Follow Us

मुंबई। अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म वेलकम टू द जंगल अब सिनेमाघरों के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी दस्तक दे चुकी है। जून में रिलीज हुई इस कॉमेडी-एडवेंचर थ्रिलर को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया।

जो दर्शक फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे, उनके लिए अब इसे घर बैठे देखने का मौका है। ‘वेलकम टू द जंगल’ 21 अगस्त 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है। प्लेटफॉर्म की ओर से भी फिल्म की डिजिटल रिलीज की जानकारी साझा की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 131 करोड़ रुपये की अनुमानित लाइफटाइम कमाई की, जबकि भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन लगभग 157 करोड़ रुपये रहा। वहीं ओवरसीज मार्केट से करीब 36 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 193 करोड़ रुपये बताया गया है।

फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी बड़ी है। इसमें अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, परेश रावल, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ नजर आते हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी दिवंगत नीरज वोरा ने लिखी है, जबकि संवाद फरहाद सामजी ने लिखे हैं। फिल्म में कॉमेडी, एडवेंचर और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलता है।