नई दिल्ली। टेक दिग्गज एप्पल अपने यूजर्स के लिए एक और बड़ा इनोवेशन लाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ऐसे नए AirPods पर काम कर रही है, जिनमें इन-बिल्ट कैमरा दिया जाएगा। खास बात यह है कि, यह कैमरा फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए नहीं, बल्कि AI आधारित स्मार्ट फीचर्स के लिए इस्तेमाल होगा। बताया जा रहा है कि, इन हाईटेक AirPods की टेस्टिंग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इनमें लगा कैमरा Apple के वर्चुअल असिस्टेंट Siri को आसपास की चीजों को “देखने” और समझने में मदद करेगा।
यानी यूजर किसी वस्तु, जगह या साइनबोर्ड को देखते ही उसके बारे में तुरंत जानकारी प्राप्त कर सकेगा। यह तकनीक काफी हद तक OpenAI के ChatGPT विजुअल फीचर जैसी मानी जा रही है। उदाहरण के तौर पर, अगर यूजर किसी नई जगह पर जाता है और वहां कोई अनजान चीज देखता है, तो AirPods तुरंत उसकी जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए AirPods में LED इंडिकेटर भी दिया जाएगा, जो कैमरा एक्टिव होने पर जल उठेगा। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि, Apple जल्द ही इसे AI आधारित नई तकनीक के साथ बाजार में पेश कर सकता है।
