मुंबई। दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को OTT प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के बाद अब इसे गुरुद्वारों में दिखाने की तैयारी की जा रही है। फिल्म की कहानी दर्शकों तक पहुंचाने के लिए कई सिख धार्मिक संस्थाओं ने कम्युनिटी स्क्रीनिंग शुरू करने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार, पंजाब के अलावा हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और जम्मू में फिल्म की स्क्रीनिंग आयोजित करने की तैयारी चल रही है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, देशभर की गुरुद्वारा कमेटियां हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दिखाने के लिए आगे आई हैं।
जम्मू में ‘सतलुज’ को 10 जुलाई से 13 जुलाई के बीच चार गुरुद्वारों में दिखाने की योजना है। वहीं, जयपुर के एक गुरुद्वारे में 11 जुलाई को फिल्म की स्क्रीनिंग का पोस्टर भी सामने आया है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (DSGMC) ने भी फिल्म को OTT पर वापस लाने की मांग दोहराई है और कम्युनिटी स्क्रीनिंग का समर्थन किया है। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है। फिल्म को पहले ‘पंजाब ’95’ नाम से जाना जाता था। इसे 3 जुलाई को ZEE5 पर रिलीज किया गया था, लेकिन रिलीज के 48 घंटे के भीतर ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
फिल्म हटाए जाने को लेकर सिख संगठनों और कुछ राजनीतिक दलों ने विरोध जताया था। बताया जा रहा है कि फिल्म को सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए हटाया गया। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्थिति को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। सतलुज’ को रिलीज से पहले भी सेंसरशिप को लेकर लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा था। फिल्म को शुरुआत में कई बदलावों और कट्स का सामना करना पड़ा। निर्माताओं ने कुछ बदलावों पर आपत्ति जताई, जिसके कारण भारत में इसकी रिलीज लंबे समय तक अटकी रही। हनी त्रेहान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, अर्जुन रामपाल, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यान मुख्य भूमिकाओं में हैं।
