मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिलने की खबर सामने आई है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने साफ किया है कि, अभी तक अभिनेता या उनकी टीम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार, उन्हें इस कथित धमकी की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली है। फिलहाल वायरल फेसबुक पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है और इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, एक फेसबुक पोस्ट में खुद को एक खास समूह से जुड़ा बताने वाले व्यक्ति ने आमिर खान को लेकर आपत्तिजनक बातें लिखी और उन्हें चेतावनी दी।
पोस्ट में अभिनेता पर कुछ मुद्दों को लेकर आरोप लगाए गए थे। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। मुंबई पुलिस का कहना है कि, जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट वास्तविक है या किसी ने इसे फर्जी तरीके से वायरल किया है। शिकायत मिलने और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वर्कफ्रंट की बात करें तो आमिर खान हाल ही में अपनी फिल्म ‘3 इडियट्स’ से जुड़े एक बयान को लेकर चर्चा में रहे थे। फिल्म राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी थी और इसमें आमिर के साथ आर. माधवन, शरमन जोशी और करीना कपूर ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
