मुंबई। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले को लेकर रोमांच अपने चरम पर है। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फाइनल से पहले बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी राय साझा की है। उनका मानना है कि, इस बड़े मुकाबले में सिर्फ स्टार खिलाड़ियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि दोनों टीमों के कोच की रणनीति जीत का फैसला करेगी। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में कहा कि, टूर्नामेंट के अंतिम दौर में पहुंची सभी टीमों के खिलाड़ी बेहतरीन हैं और हर खिलाड़ी किसी सुपरस्टार से कम नहीं है। ऐसे में फर्क पैदा करने का काम कोच की सोच, मैच प्लान और सही समय पर लिए गए फैसले करेंगे।
उन्होंने अर्जेंटीना के कोच के उस फैसले की भी तारीफ की, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के अंतिम समय में डिफेंसिव रणनीति अपनाने के बजाय आक्रामक खेल के लिए स्ट्राइकर को मैदान में उतारा गया था। बिग बी ने इसे जोखिम भरा लेकिन साहसिक फैसला बताया। अमिताभ बच्चन के अनुसार, फाइनल सिर्फ खिलाड़ियों के बीच नहीं बल्कि दो कोचों की रणनीतिक सोच का भी मुकाबला होगा। जो कोच दबाव के समय बेहतर निर्णय लेगा, वही अपनी टीम को खिताब तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
