धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक हृदयविदारक हादसे ने रीवागहन गांव के एक किसान परिवार की खुशियां मातम में बदल दी हैं। भखारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में एक किसान की हार्वेस्टर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान लाला राम के रूप में हुई है, जो अपना काम निपटाकर हार्वेस्टर के साथ घर लौट रहा था। तभी डबरी पार (तालाब की मेढ़) के पास चढ़ाव पर अचानक हार्वेस्टर फंस गया। लाला राम यह देखने के लिए नीचे उतरा कि हार्वेस्टर कहां फंसा है, लेकिन इसी दौरान मशीन अचानक रिवर्स (पीछे) हो गई। इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाता, वह भारी-भरकम हार्वेस्टर के नीचे दब गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में लाला राम को गंभीर हालत में धमतरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद भखारा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
