धमतरी। देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उत्साह का माहौल है। धमतरी में भी भगवान श्रीकृष्ण के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच रही है। भक्त पूजा-पाठ और विभिन्न धार्मिक विधानों के जरिए नंदलाल के जन्मोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं और कान्हा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
बांके बिहारी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के लिए अलग-अलग तरह के भोग और पकवान तैयार किए गए हैं। इसी क्रम में कान्हा को 5 किलो मोतीचूर के लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। मंदिर के पुजारी के अनुसार, सुबह से ही व्रती श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और दिनभर भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहेगा। जन्माष्टमी को खास बनाने के लिए मंदिर परिसर में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रमों में भजन, पूजा-पाठ और यज्ञ के साथ बच्चों और उनके परिजनों के लिए दीप सजाओ तथा राधा-कृष्ण सज्जा जैसी प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं। रात 12 बजे तिथि के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव विधि-विधान से मनाया जाएगा। जन्म के बाद श्रद्धालुओं के लिए भगवान के विशेष दर्शन की व्यवस्था की जाएगी।
