भारत उज़्बेकिस्तान से हारा, एएफसी अंडर20 एशियन कप क्वालिफाययर में उम्मीदें बरकरार

Follow Us

ताशकंद। भारत की अंडर 20 पुरुष फुटबॉल टीम को एएफसी अंडर-20 एशियन कप चीन 2027 क्वालिफायर के अपने दूसरे मैच में मेजबान उज्बेकिस्तान से 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। डस्टलिक स्टेडियम में गुरुवार रात खेले गए मैच में उलगबेक मरातोव ने 29वें मिनट में पहला गोल किया, जिसके बाद कुवोनचबेक अब्रायेव ने फ्री-किक से उज्बेकिस्तान की बढ़त को दोगुना कर दिया।

शोराखिम शोराखमेदोव ने 67वें मिनट में तीसरा गोल किया, जबकि सब्स्टीट्यूट नुरबेक सेरसेनबायेव ने 90वें मिनट में स्कोर पूरा किया। हार के बावजूद, भारत ग्रुप बी में हेड-टू-हेड आधार पर दूसरे स्थान पर बना हुआ है, क्योंकि उसने शुरुआती मैच में सीरिया को 1-0 से हराया था। एएफसी अंडर-20 एशियन कप में 20 साल के लंबे अंतराल को खत्म करने की कोशिश कर रही भारतीय टीम का सामना छह सितंबर को ग्रुप के अपने आखिरी मैच में बंगलादेश से होगा।

अगर भारत जीतता है और सीरिया उज्बेकिस्तान को नहीं हरा पाता है, तो महेश गवली की टीम दूसरे स्थान पर रहेगी और आठ ग्रुप में से सात सर्वश्रेष्ठ उप विजेता के तौर पर क्वालिफाई करने का मजबूत मौका हासिल करेगी। उज्बेकिस्तान ने शुरुआत से ही दबाव बनाया और सातवें मिनट में ही बढ़त बनाने के करीब पहुंच गया, जबकि भारत अभी मैच में पूरी तरह जम भी नहीं पाया था।


Read more:- स्मृति मंधाना का बड़ा बयान: 10,000 रन क्लब में चाहती हैं 3-4 भारतीय खिलाड़ी


अब्दुलफयज बोबोमुरोदोव ने बाईं ओर से पेनल्टी एरिया में कॉर्नर किक ली और बिना किसी रुकावट के आगे बढ़े असिलबेक अलीयेव ने हेडर से गेंद को नेट में पहुंचा दिया। इस गोल को अमान्य करार दिया गया क्योंकि मरातोव को ऑफ़साइड पोज़िशन में खड़े होकर भारत के गोलकीपर सूरज सिंह अहेइबाम के रास्ते में रुकावट डालने का दोषी पाया गया।

मेजबान टीम ने हमले जारी रखे और तीन मिनट बाद ही पहला गोल करने के करीब पहुंच गई। बोबोमुरोदोव ने दूर से कोशिश की, लेकिन सूरज ने अच्छा बचाव किया। उज्बेकिस्तान ने 27वें मिनट में फिर से खतरा पैदा किया। डियोर एरमानोव ने कुवानिशबेक सायदालियेव के लिए गेंद बढ़ाई, जिन्होंने लगभग 20 गज की दूरी से दाहिने पैर से जोरदार शॉट लगाया। सूरज चकमा खा गए, लेकिन गेंद क्रॉसबार से टकराकर वापस आ गई।

आखिरकार दो मिनट बाद दबाव का असर दिखा, जब उज्बेकिस्तान ने एक और सेट-पीस से गतिरोध तोड़ा। अब्रायेव ने दाईं ओर से दूर वाले पोस्ट की ओर से कॉर्नर किक ली, जहां बिना किसी रुकावट के खड़े मुख़म्मदअली दिलशोदबेकोव ने हेडर से गेंद को गोल की ओर वापस भेजा। पारमानोव ने गेंद को मारातोव की ओर बढ़ाया, और इस फ़ॉरवर्ड खिलाड़ी ने शांति से अपने दाहिने पैर से शॉट मारकर भारतीय डिफेंस को छकाते हुए गोल कर दिया।


Read more:- एशियाई खेलों की टीम में बड़ा उलटफेर: मनु निराश, सिंधू की जीत


भारत को एक और सेट-पीस से नुकसान उठाना पड़ा, जब अब्रायेव ने 25 गज की दूरी से शानदार फ्री-किक लगाई। उनकी किक पोस्ट के अंदरूनी हिस्से से टकराकर नेट में चली गई, जिससे सूरज के पास कोई मौका नहीं बचा और उज़्बेकिस्तान को ब्रेक से पहले दो गोल की बढ़त मिल गई। 53वें मिनट में गवाली ने दो बदलाव किए और डैनी मेइतेई लैशराम और विशाल यादव की जगह ऋषि सिंह निंगथौखोंगजाम और गुनलेइबा वांगखेइराकपाम को मैदान पर उतारा।

इसके बावजूद, ब्रेक के बाद भी उज्बेकिस्तान ने दबाव बनाए रखा। 59वें मिनट में, अब्रायेव ने पास से वॉली लगाई, लेकिन सूरज ने उसे रोक दिया और एक और अहम बचाव किया। मेजबान टीम ने 67वें मिनट में बाईं ओर से किए गए बेहतरीन हमले के बाद अपना तीसरा गोल किया। सब्स्टिट्यूट बेह्रुज़जोन कुपायसिनोव ने शोराखमेदोव के लिए गेंद पीछे की ओर बढ़ाई, जिन्होंने भारतीय डिफेंडरों को छकाते हुए बाएं पैर से शानदार फिनिश के साथ गोल कर दिया।
इसके कुछ ही देर बाद ओमांग डोडम ने हतीम अली की जगह ली, जबकि 78वें मिनट में मोहम्मद अरबाश और रोहेन सिंह चाफामयुम को मैदान पर उतारा गया, क्योंकि भारत मैच में वापसी की कोशिश कर रहा था।

उज्बेकिस्तान ने निर्धारित टाइम के आखिरी मिनट में चौथा गोल किया। बोबोमुरोदोव ने पेनल्टी एरिया में एक ऊंची गेंद (लूपिंग डिलीवरी) भेजी, और सेरसेनबायेव ने भारतीय डिफेंस के पीछे से सही समय पर दौड़ लगाई और शांति से गेंद को सूरज के बगल से नेट में पहुंचा दिया।