रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के इलाके को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में लगी, जहां भारी मात्रा में प्लाईवुड और लकड़ी का सामान रखा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया। शुरुआत में 6 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए 12 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को तैनात करना पड़ा। पूरी रात दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन लकड़ी और प्लाईवुड के कारण आग तेजी से फैलती रही।आग बुझाने के लिए पानी की भारी जरूरत को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए गए। जानकारी के मुताबिक, पास स्थित एम्स अस्पताल परिसर से भी पानी मंगवाकर आग बुझाने में इस्तेमाल किया गया। इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच जारी है।
