प्रदेश में 350 करोड़ की फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर बनेगा, 18 पर्यटन संपत्तियों में 500 करोड़ निवेश की योजना: नीलू शर्मा

Follow Us

पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले को मिलेगा पुरस्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संपदा को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई जाए। पिछले ढाई साल में पर्यटन में निजी निवेश बढ़ा है और 2028 तक छत्तीसगढ़ को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का लक्ष्य है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान शर्मा ने बताया कि फिल्म सिटी निर्माण के लिए 203 करोड़ 53 लाख के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। फिल्म पर्यटन और बड़े आयोजनों के लिए फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर का अनुमानित आकार करीब 350 करोड़ है। 18 पर्यटन संपत्तियों को लीज- सह-विकास मॉडल पर निजी भागीदारी से विकसित किया जाएगा, जिससे 500 करोड़ निवेश और 500 से 1000 रोजगार की संभावना है।
टूरिज्म बोर्ड की ओर से पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले होटल, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े लोगों एवं संस्थाओं को ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।

पर्यटन क्षेत्र की 10 श्रेणियां शामिल
इस पुरस्कार योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र की पूरी श्रृंखला को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है। इसमें सर्वश्रेष्ठ होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला टूरिज्म प्रमोशन, पर्यटन स्टार्टअप एवं उद्यमिता, सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म जैसी 10 श्रेणियां शामिल हैं। पुरस्कारों के लिए चयन केवल आर्थिक प्रदर्शन के आधार पर नहीं होगा, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और नवाचार जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा। इससे पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों और संस्थाओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

श्री रामलला दर्शन योजना
IRCTC के सहयोग से अब तक 61 ट्रेनों का संचालन हुआ है और 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या और काशी के दर्शन कराए गए हैं।

होमस्टे और स्थानीय रोजगार
पर्यटन की आय स्थानीय परिवारों तक पहुंचाने के लिए होमस्टे, स्थानीय भोजन, हस्तशिल्प और युवाओं को पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ा जा रहा है।

युवाओं के लिए रोजगार
वर्तमान में 390 से अधिक टूर ऑपरेटर व ट्रैवल एजेंट और 26 होटल पंजीकृत हैं। गाइड, आतिथ्य, फिल्म निर्माण और डिजिटल कंटेंट में प्रशिक्षण देकर कम से कम 500 युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है।

बस्तर और प्रमुख स्थलों का विकास
चित्रकोट को विश्वस्तरीय गंतव्य, सिरपुर के लिए एकीकृत मास्टर प्लान, मैनपाट और जशपुर में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कटोरा तालाब स्थित शराब अहाते में मिला प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक, नगर निगम ने लगाया 25 हजार का ई-जुर्माना

धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन
भोरमदेव कॉरिडोर के लिए केंद्र से 145 करोड़ 99 लाख की स्वीकृति मिली है। रतनपुर महामाया मंदिर और चंपारण्य के विकास प्रस्ताव केंद्र को भेजे गए हैं।

डिजिटल पर्यटन और राजस्व
नई वेबसाइट और मोबाइल ऐप से ऑनलाइन बुकिंग और सूचना एकीकृत हो रही है। पिछले 2 साल में ऑनलाइन बुकिंग से 6 करोड़ 48 लाख और पर्यटन इकाइयों से 31 करोड़ 75 लाख राजस्व मिला है।

भविष्य की योजना
2028 तक नई पहचान के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन के तहत 5 साल तक प्रतिवर्ष 100 करोड़ का प्रावधान और पर्यटन नीति 2026 लाई जाएगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बर्लिन, लंदन, दुबई, स्पेन जैसे मंचों पर भागीदारी, फिल्म-OTT प्रचार और इन्फ्लुएंसर फेम टूर की योजना है।