जंगल में मिला सड़ा-गला शव, जिले में मचा हड़कंप,जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

बालोद। जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां गंजडीह गांव के जंगल में एक सड़ी-गली हालत में अज्ञात शव बरामद हुआ है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने जंगल में तेज दुर्गंध महसूस होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही संजारी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। जांच के दौरान जंगल में एक शव बरामद हुआ, जो काफी पुराना और सड़ा-गला प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने मौके पर ही शव का पंचनामा किया और उसे पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि, मौत कुछ दिन पहले या उससे भी अधिक समय पहले हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान है, क्योंकि अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी साजिश की संभावना भी शामिल है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर से पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल, इस रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को दहशत और सवालों के घेरे में डाल दिया है।