CG Road Accident: स्कॉर्पियो-ट्रेलर की भिड़ंत, एक की मौके पर मौत, दो की हालत गंभीर

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भारतमाला मार्ग एक बार फिर तेज रफ्तार के कारण खून से लाल हो गया। उरगा थाना क्षेत्र के तरदा के पास गुरुवार देर रात स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, स्कॉर्पियो बुरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे, जो रायपुर की एक निजी कंपनी में काम करते थे। वे कंपनी के काम से दो डंपर शिफ्ट करने रायपुर से कोरबा आ रहे थे। इसी दौरान तरदा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि,एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाकी दो गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी था और वर्तमान में रायपुर में रहकर नौकरी कर रहा था। वहीं हादसे में घायल 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू को गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायपुर रेफर कर दिया गया।वहीं,हादसे की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि, उरगा से दर्रीघाट के बीच हाल ही में तैयार भारतमाला मार्ग पर लगातार हादसे बढ़ रहे हैं। सड़क चौड़ी और सीधी होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, साइन बोर्ड और सख्त निगरानी की मांग की है, ताकि इस मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।