रिश्ते का दर्दनाक अंत: संतान विवाद में नवविवाहिता की हत्या, पति गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने हत्या का रूप ले लिया। यह घटना ग्राम हरदी की है, जहां रहने वाली सोम यादव की मौत पहले सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन पीएम रिपोर्ट ने पूरे मामले का सच उजागर कर दिया।

दरअसल , 30 मार्च को करेलीबड़ी चौकी पुलिस को सूचना मिली कि, एक नवविवाहिता की अचानक मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। शुरुआती हालात संदिग्ध लगने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया।पीएम रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरी तरह पलट गया। रिपोर्ट में साफ तौर पर सामने आया कि, महिला की मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतिका के पति चन्द्रशेखर यादव (26) को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।कड़ी पूछताछ में आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि, संतान न होने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जो इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

आरोपी की मां रीना बाई यादव (46) ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उन्होंने महिला की मौत को सीने में दर्द से होना बताया और सच्चाई छुपाने का प्रयास किया। इससे साफ हुआ कि, उन्होंने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की।पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल काले रंग की रस्सी भी जब्त कर ली है। वहीं, सास के खिलाफ भी साक्ष्य छिपाने और भ्रामक जानकारी देने के आरोप में मामला दर्ज कर उसे भी जेल भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है। यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता और घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को भी उजागर करती है।