रायपुर। रायपुर के टिकरापारा इलाके से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 74 वर्षीय किसान चोलाराम मरकाम को ठगों ने अपना शिकार बना लिया। उनके बैंक खाते से 2.78 लाख रुपये की बड़ी रकम निकाल ली गई, जिसकी जानकारी उन्हें कई दिनों बाद लगी। इस घटना ने एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, पूरी घटना की शुरुआत 20 मार्च की शाम हुई, जब किसान के मोबाइल पर 1000 रुपये कटने का मैसेज आया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य बैंक ट्रांजैक्शन समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन इसके बाद लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे, जिससे उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने बैंक जाकर जानकारी लेने का निर्णय लिया।
23 मार्च को जब उन्होंने अपनी पासबुक अपडेट कराई, तब असलियत सामने आई। जांच में पता चला कि 19 मार्च से 22 मार्च के बीच उनके खाते से 12 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2.78 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगों ने बड़ी चालाकी से रकम को छोटे-छोटे हिस्सों में ट्रांसफर किया, ताकि समय रहते किसी को शक न हो।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि, निकाली गई रकम का एक हिस्सा एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एक संदिग्ध खाते में ट्रांसफर किया गया है। बाकी रकम किन खातों में भेजी गई, इसकी जानकारी जुटाने में पुलिस और साइबर सेल की टीम जुटी हुई है।
पुलिस को आशंका है कि, साइबर अपराधियों ने किसान का मोबाइल हैक कर उनकी बैंकिंग डिटेल्स हासिल की और उसी के जरिए इस ठगी को अंजाम दिया। फिलहाल शिकायत दर्ज कर ली गई है और ट्रांजैक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
वही इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, वे अपने बैंकिंग मैसेज और ट्रांजैक्शन अलर्ट को नजरअंदाज न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना बैंक और पुलिस को दें, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।
