संविधान भारत की आत्मा है, ‘बुलेट’ नहीं ‘बैलेट’ से चलती है देश की व्यवस्था : सांसद बृजमोहन अग्रवाल

Follow Us

रायपुर। दुर्गा महाविद्यालय में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि हमारे देश की आत्मा है। पिछले 76-77 वर्षों में 140 करोड़ की आबादी वाले इस विशाल देश में संविधान के मूल स्वरूप में कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी, यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि इस आत्मा को चोट पहुंचाने की कई बार कोशिशें हुईं, चाहे 1975 की इमरजेंसी हो, ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ जैसे नारे हों या फिर ‘बुलेट’ के दम पर सत्ता हथियाने की नक्सलवादी मानसिकता। लेकिन हमारे संविधान ने इन सबको नकारा है। आज छत्तीसगढ़ को बुलेट की उस मानसिकता से मुक्ति मिल रही है, तो यह भी संविधान की ही देन है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दुर्गा महाविद्यालय से उनका बेहद आत्मीय नाता रहा है। उन्होंने इसी महाविद्यालय से लॉ और एम.कॉम की डिग्री हासिल की, जबकि एम.ए. इकोनॉमिक्स की पढ़ाई छत्तीसगढ़ कॉलेज से पूरी की। उन्होंने कहा कि जिस सभागृह में आज यह आयोजन हो रहा है, वहां 10-11 सालों तक उन्होंने कई कार्यक्रम किए हैं और यह उनका सौभाग्य है कि इस हॉल को आज के स्वरूप में संवारने में उन्हें योगदान देने का अवसर मिला।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि एक समय था जब देश में ‘दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ के खिलाफ लोगों को कुर्बानी देनी पड़ी थी, लेकिन इसी संविधान ने केंद्र सरकार को इतनी शक्ति दी कि कश्मीर से धारा 370 को समाप्त किया जा सका। उन्होंने कहा कि इसी तरह सुप्रीम कोर्ट को मिले संवैधानिक अधिकारों की ही ताकत है कि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हमारे संविधान ने सड़क पर भिक्षा मांगने वाले व्यक्ति और टाटा, बिरला, अंबानी या अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को एक ही तराजू पर रखा है, दोनों के पास केवल एक ही वोट का अधिकार है। उन्होंने कहा कि आज यदि वे लगातार 37 वर्षों से जनप्रतिनिधि के रूप में सेवा कर रहे हैं, आठ बार विधायक, पांच बार मंत्री और अब नौवीं बार सांसद बने हैं, तो यह सब भारतीय संविधान की ही देन है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आजादी से पहले क्रांतिकारियों ने देश के लिए मरना सिखाया था, लेकिन आज युवाओं को देश के लिए जीना सीखना होगा। उन्होंने कहा कि आज भारत 7.8 प्रतिशत की जीडीपी दर के साथ विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर 2015 से पूरे देश में संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की। उन्होंने लॉ के विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे संविधान में निहित अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाएं।

अभिव्यक्ति की आजादी असीमित नहीं,अमर्यादित भाषा का उपयोग करने का अधिकार नहीं देती : गौतम भादुड़ी
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस गौतम भादुड़ी उपस्थित रहे। जस्टिस गौतम भादुड़ी ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी असीमित नहीं है और यह किसी को भी सोशल मीडिया पर संस्थाओं या व्यक्तियों के प्रति अमर्यादित भाषा का उपयोग करने का अधिकार नहीं देती।

जस्टिस गौतम भादुड़ी ने कहा कि शहीद कनाईलाल दत्त का प्रसंग ही संवैधानिक कर्तव्यों का मर्म समझाता है। उन्होंने कहा कि राफेल सौदे या ग्रेट निकोबार जैसे राष्ट्रहित के प्रोजेक्ट्स पर बिना तथ्यों को समझे अंधा विरोध करना उचित नहीं है।